अछनेरा। क्षेत्र के नगला लक्ष्मन-सांधन मार्ग पर मंगलवार की रात सड़क किनारे एक नवजात शिशु कपड़े में लपेटकर फेंका मिला। कपड़े को कुत्ते नोच रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लिया। आशा कार्यकर्ता को बुलाकर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।
अछनेरा के थाना प्रभारी विपिन कुमार ढाका ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर सड़क किनारे नाली में नवजात शिशु फेंके होने की जानकारी दी गई थी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे सूखी पड़ी नाली से नवजात शिशु की रोने का आवाज आ रही थी। यहां आकर देखने पर कुत्ते कपड़े की पोटली को नोंच रहे थे। जिसमें नवजात शिशु फेंका गया था।
पुलिस को आशा कार्यकर्ता को बुलाकर शिशु को कब्जे में लिया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शिशु स्वस्थ बताया गया है। एसओ ने बताया कि आसपास के लोगों से इसके बारे में पूछताछ की जा रही है। साथ ही चाइल्ड हेल्प लाइन को सूचना दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।