‘अगर यूपी नहीं देखा तो इंडिया नहीं देखा’ उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग के हर प्रचार में यही टैग लाइन अब सुनने और देखने को मिलेगी। बरसाना की प्रसिद्ध होली और कुंभ के लिए भी ऐसे ही थीम कैंपेन चलाए जाएंगे। हालांकि इस प्रचार में ताजमहल को शामिल नहीं किया गया है।
साल 2018 में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग 11 वीक एंड पर विभिन्न कार्यक्रम करेगा। 24 से 26 जनवरी तक यूपी दिवस के मौके पर फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा, जिसमें ‘आत्मा भारत की’ और ‘अगर यूपी नहीं देखा तो इंडिया नहीं देखा’ को प्रचारित किया जाएगा। बरसाना की होली पर 24 फरवरी से दो मार्च तक रंगोत्सव आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसमें हिस्सा लेंगे। इसके लिए दो थीम प्रस्तावित हैं, जिनमें ‘इन रंगों से कोई न छूटेगा और रंग दे, रंग दे, हर दिल को रंग दे’ टैग लाइन उपयोग की जाएंगी।
कुंभ के लिए प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी और पर्यटन महानिदेशक अवनीश अवस्थी की मौजूदगी में तय हुआ कि ‘चलो कुंभ चलो’ और विदेशी सैलानियों के लिए ‘इट हैपंस ऑनली इन कुंभ’ को प्रचारित किया जाएगा।