एसएन इमरजेंसी में एंबुलेंस के लिए बन रहा ग्रीन कॉरिडोर। संवाद
- फोटो : Agra City
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में सीवर की समस्या का समाधान हो गया है। यहां सीवर की नई पाइपलाइन डाली गई है। इससे एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर का रास्ता साफ हो गया है। संभावना है कि अगले 20 दिन में ग्रीन कॉरिडोर बनकर तैयार हो जाएगा।
एसएन के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश शर्मा ने बताया कि लंबे समय से इमरजेंसी में सीवर की समस्या बनी हुई थी। इसकी पाइपलाइन चोक थी, जिससे गंदा पानी इमरजेंसी परिसर में भर जाता था। जब ग्रीन कॉरिडोर बनाने का काम शुरू हुआ तो ये समस्या बाधा बन रही थी। ऐसे में सीवर की पुरानी लाइन की जगह नई पाइपलाइन डाली गई है। इमरजेंसी के पूरे परिसर में कोटा स्टोन बिछाया जा रहा है। दो-तीन दिन में इसका काम पूरा हो जाएगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि इसके बाद लेडी लॉयल के बगल से गर्ल्स हॉस्टल के किनारे से एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर का रास्ता बनाया जाएगा। अगले 20 दिन में रास्ता बनकर तैयार हो जाएगा। इससे इमरजेंसी से सीधे मरीजों को बाल रोग, मेडिसिन विभाग, कैंसर विभाग, सर्जरी विभाग, हड्डी रोग विभाग समेत विभिन्न वार्ड में शिफ्ट किया जा सकेगा। अभी एंबुलेंस के जरिए मरीजों को एमजी रोड से होकर विभिन्न वार्ड में शिफ्ट करना पड़ता है। एमजी रोड पर कई बार जाम के कारण मरीजों को शिफ्ट करने में देरी होती है। ग्रीन कॉरिडोर बनने से 24 घंटे एंबुलेंस के लिए अलग से रास्ता रिजर्व रहेगा, जिससे मरीजों को बिना किसी असुविधा के आसानी से शिफ्ट किया जा सकेगा।