आगरा कमिश्नरेट बनने के बाद तीन नए थानों को भी मंजूरी मिल गई है। शासन ने पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव को पास कर दिया। ट्रांस यमुना कॉलोनी, बमरौली कटारा और किरावली में नए थाने बनेंगे। हालांकि तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने चार थानों का प्रस्ताव भेजा था। अभी बुंदू कटरा को थाना बनाने की मंजूरी नहीं मिल सकी।
शहर और देहात के जिन इलाकों में नए थाने खोले जाने हैं, उनमें तीन साल के अपराध का ग्राफ देखा गया था। इसके साथ ही जनसंख्या भी देखी गई। इसके बाद प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। दावा किया गया है कि थाना बनने से जनता को सीधा लाभ होगा।
हो जाएंगे 47 थाने
कमिश्नरेट में 44 थाने हैं। इनमें तीन नए थाने और बनने से 47 थाने हो जाएंगे। ट्रांस यमुना कॉलोनी थाना बनाने के लिए कालिंदी विहार में स्थान चिह्नित किया गया था। हाईवे के एक तरफ का इलाका ट्रांस यमुना कॉलोनी में तो दूसरी तरफ का इलाका थाना एत्माददौला में आएगा। इलाके में रंगबाजी और फायरिंग की घटनाएं अधिक होती हैं। इसके अलावा बमरौली कटारा पुलिस चौकी है। यह डौकी थाने में आती है। इससे पहले थाना ताजगंज है। बमरौली कटारा थाना बनने से पुलिस की सक्रियता बढ़ जाएगी। किरावली भी चौकी है। इसको भी थाना बनाया जा रहा है। यह थाना अछनेरा में आती है। थाने की दूरी काफी अधिक है। जनसंख्या और क्षेत्रफल के हिसाब से इसे थाना बनाया जा रहा है। वर्ष 2020 में थाना कमला नगर भी बनाया गया था। इसका इलाका पहले थाना न्यू आगरा में आता था।
71 दरोगा और मिले
शासन ने कमिश्नरेट में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाना शुरू कर दिया है। शनिवार को 71 दरोगा और दिए गए हैं। इससे पुलिस बल की संख्या बढ़ जाएगी। तीन नए थानों में इनका प्रयोग हो सकेगा।
- इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता हो जाएगी।
- शिकायत करने के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना होगा।
- पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ जाएगी, इससे गश्त भी प्रभावी होगी।
- पुलिस सूचना मिलने पर तत्काल पहुंचेगी, पीड़ितों को भी आसानी होगी।