डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) दो अक्तूबर (महात्मा गांधी की जयंती) से शुरू होगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। यह छह माह का रोजगारपरक सर्टिफिकेट कोर्स होगा।
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप विश्वविद्यालय में जीएसटी कोर्स शुरू किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में सबसे पहले इसी विश्वविद्यालय में जीएसटी कोर्स शुरू होने जा रहा है। जनसंपर्क अधिकारी डा. गिरजाशंकर शर्मा के मुताबिक कोर्स के लिए अर्हता स्नातक रखी गई है। किसी भी विषय के स्नातक इस कोर्स को कर सकेंगे। अंबेडकर चेयर में कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
कक्षाओं का समय शाम चार से सात बजे तक निर्धारित किया गया है। जीएसटी कोर्स में 30 सीटें होंगी। प्रवेश शुल्क 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) कक्षाओं में पढ़ाएंगे। छह माह के कोर्स में तीन माह थ्योरी पढ़ाई जाएगी। तीन माह का समय प्रशिक्षण का होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन जीएसटी कोर्स का प्रचार-प्रसार करेगा। जिससे सारी सीटें भर जाएं। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस कोर्स को करने वाले छात्र-छात्राओं को तत्काल रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। सर्टिफिकेट प्राप्त विद्यार्थी सीए की तरह जीएसटी पर व्यापारियों को जानकारी दे सकेंगे।