आगरा में लंबे समय से लंबित चल रहे नए सर्किल रेट जुलाई से लागू हो सकते हैं। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है। जल्द ही बैठक कर रेट तय कर दिए जाएंगे। बताया जा रहा है कि इस बार सर्किल रेट में ज्यादा बढ़ोत्तरी के आसार नहीं है।
बता दें कि जनवरी में नये सर्किल रेट लागू होने थे। मगर, विधानसभा चुनाव के चलते इसे स्थगित कर दिया गया। मार्च में चुनाव होने के बाद इस पर कवायद शुरू की गई लेकिन अधिकारियों ने ज्यादा रुचि नहीं ली। इस बीच कुछ बैठकें तो हुईं लेकिन रेट को लेकर सहमति नहीं बन पाईं। लोगों की आपत्तियां भी मांगी गईं। लगभग 75 आपत्तियां आईं थीं।
अब इन सभी का निस्तारण किया जा रहा है। कई क्षेत्रों की रेट को लेकर लोगों ने सवाल खड़े किए थे। विभागीय अधिकारियों की मानें तो रियल एस्टेट में मंदी को देखते हुए सर्किट रेट ज्यादा नहीं बढ़ाया जा रहा।
जिन क्षेत्रों में कम था, उनका रेट बढ़ाया और जहां ज्यादा था, उन क्षेत्रों का रेट कम भी किया जा सकता है। एआईजी स्टांप निरंजन कुमार का कहना है कि जुलाई में रेट लागू हो सकते हैं।