नए सर्किल रेट सोमवार से लागू हो गए। पहले दिन बमुश्किल 10 बैनामा नए रेट के अनुसार हुए। 70 से अधिक पक्षकारों ने पहले ही स्टांप खरीद रखे थे। उनके बैनामा पुराने रेट पर ही हुए। एत्मादपुर मदरा में मात्र 100 रुपये प्रति वर्ग मीटर की रेट में वृद्धि की गई है। जबकि, सेठ गली में दुकानों की कीमत 65 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तक बढ़ गई है।
सदर तहसील बार एसोसिएशन महासचिव अरविंद दुबे के अनुसार एत्मादपुर मदरा में आबादी क्षेत्र में सर्किल रेट आठ साल पहले 3500 रुपये प्रति वर्ग मीटर था। जिसे अब 3600 रुपये प्रति वर्ग मीटर किया है। यानी 8 साल में 100 रुपये बढ़ाए हैं। यहां किसानों की जमीन है। सरकारी योजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण व मुआवजा वितरण होना है। रेट बढ़ने पर अधिक मुआवजा बांटना पड़ता। कृषि भूमि का सर्किल रेट पहले यहां 55 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर था। जिसे अब 59 लाख रुपये प्रति हैक्टेयर किया है। जबकि बाजार मूल्य 1.50 से 2 करोड़ रुपये प्रति बीघा है।
सेठ गली में आवासीय भूमि की रेट में 18 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की वृद्धि की गई। 2017 में यहां 35000 रुपये प्रति वर्ग मीटर का रेट था। जो अब 53000 रुपये प्रति वर्ग मीटर हो गया है। इसी तरह यहां दुकान का सर्किल रेट पहले 1.30 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर था। जिसे बढ़ाकर अब 1.95 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर किया है। अधिवक्ता श्रीकृष्ण दीक्षित का कहना है कि सर्किल रेट निर्धारण में सर्वे सही नहीं किया। इस संबंध में डीएम अरविंद एम बंगारी का कहना है कि आपत्ति व सुझावों को शामिल करने के बाद रेट निर्धारित हुए हैं।
चार महीने तक करा सकेंगे पुराने स्टांप से बैनामा
सदर तहसील बार पूर्व अध्यक्ष लाल बहादुर राजपूत का कहना है कि पुराने स्टांप से 4 महीने तक बैनामा कराया जा सकता है। शर्त है कि सर्किल रेट से पहले पक्षकारों ने बैनामा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया हो। आवेदन के बाद बैनामा 4 महीने तक में पुराने सर्किल रेट से कराया जा सकेगा। सोमवार को पहले दिन अधिकतर वही लोग बैनामा कराने पहुंचे जो पहले आवेदन कर चुके थे। नए सर्किल रेट पर बहुत कम बैनामा पंजीकृत हुए।