विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की परीक्षा की घड़ी आ चुकी है। कासगंज जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र से 42 प्रत्याशी तैयारी में जुटे हैं। 20 फरवरी को प्रत्याशी परीक्षा में बैठेंगे। इनमें कौन पास होगा और कौन फेल, इसका पता 10 मार्च को लगेगा। लेकिन जिले की कासगंज विधानसभा से नेतराम सिंह ही एकमात्र ऐसे प्रत्याशी रहे, जिन्होंने 64.04 प्रतिशत वोट पाए।
आजादी के बाद से अब तक 17 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्र में एक-एक उपचुनाव भी हो चुका है। इनमें कासगंज विधानसभा से चुनाव जीते नेतराम सिंह ने अपने नाम एक रिकॉर्ड बनाया। इस चुनाव में 53775 वोट पडे़। इसमें से 53134 वोट वैध पाए गए। चुनाव मैदान में उतरने वाले पांच प्रत्याशियों में से 64.04 प्रतिशत वोट अकेले उन्होंने ही प्राप्त कर लिए।
नेतराम चार बार बने थे विधायक
नेतराम सिंह इससे पहले 1969 में चुनाव लडे़, जिसमें उन्होंने 34.64 प्रतिशत वोट पाकर जीत हासिल की थी। जबकि 1974 के चुनाव में वह 24.59 प्रतिशत वोट पाकर चुनाव हार गए थे। 1977 के चुनाव में उनके नाम जो रिकार्ड बना वह 2017 के चुनाव तक नहीं टूटा है। वह 1991 और 1996 में कासगंज से फिर से विधायक बने, लेकिन वह अपने रिकार्ड को नहीं तोड़ पाए।
उनके अलावा जिले में चुने गए विधायकों में सात प्रत्याशी द्वितीय श्रेणी (60 प्रतिशत से कम) में, 23 प्रत्याशी तृतीय श्रेणी में एवं 19 प्रत्याशी 33 प्रतिशत से कम वोट पाकर ही चुनाव जीत चुके हैं। अब देखना यह है कि 2022 के चुनाव में कोई प्रत्याशी इस रिकॉर्ड को तोड़ पाता है या नहीं।