उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार की रात आपसी कहासुनी में भतीजे ने चाची को गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई। आरोपी भाग गया। घरवाले घायल महिला को लेकर आनन फानन अस्पताल पहुंचे। यहां हालत नाजुक देखते हुए उसे एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना सैंया थाना क्षेत्र के टोडूपुर गांव की है। गांव में परिवार में कई दिनों से तनाव का माहौल था। रविवार को दिन में आपस में कहासुनी हुई। देर रात एक बार फिर विवाद होने लगा। कहासुनी मारपीट में बदल गई। गुस्से में भतीजे ने चाची पर गोली चला दी। इसके बाद चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई।
गांव निवासी कोमल सिंह व निरंजन सिंह चचेरे भाई हैं। रविवार दोपहर कोमल सिंह व निरंजन के पुत्रों में आपस में विवाद हो गया। कोमल के पुत्रों ने निरंजन के पुत्र बंटी की पिटाई कर दी। दोपहर को परिवार के लोगों ने विवाद निपटा दिया। शाम आठ बजे कोमल सिंह के पुत्रों ने बंटी को फिर दबोच लिया, मारपीट करने लगे।
इस पर नाराज बंटी घर से तमंचा निकाल लाया। बंटी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग मे एक गोली कोमल सिंह की पत्नी ममता देवी (45) के आंख के पास लगी। ममता देवी गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़ी। गांव मे हड़कंप मच गया। गांव के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। हमलावर बंटी मौके से भाग गया। फायरिंग व महिला को गोली लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने गोली लगने से घायल महिला को सीएचसी सैंया भेजा। यहां उसे एसएन हॉस्पीटल रेफर कर दिया। एसीपी देवेश सिंह ने बताया कि गांव में महिला को गोली लगने की सूचना मिली थी। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।