आगरा। थाना शाहगंज स्थित चारबाग गली में बेसहारा कुत्तों को खाना खिलाने वाली शालू और उनकी मां सुमन ने पड़ोसियों पर हमला कर पिटाई करने का आरोप लगाया है। थाने में सुनवाई नहीं होने पर डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास से न्याय की गुहार लगाई है। डीसीपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुत्तों को खाना खिलाने से नाराज पड़ोसियों ने लोहे की रॉड-डंडों से मां-बेटी और कुत्तों को पीटा। इस हमले में एक कुत्ते की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पीड़िता शालू ने बताया कि 26 जून को शिकायत के बाद केदार नगर चौकी के प्रभारी ने राजनीतिक दबाव में आकर एक आरोपी को छोड़ दिया। जबरन समझौते पर हस्ताक्षर कराए। 29 जून को सभी पड़ोसियों ने मिलकर मां को बेरहमी से पीटा। कैस्पर होम्स की संस्थापक व पशु कल्याण कार्यकर्ता विनीता अरोड़ा ने नगर निगम को सूचित किया। उनकी सूचना पर नगर निगम की टीम कुत्तों को पकड़ने व नसबंदी के लिए एक जून को क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने नगर निगम कर्मचारियों से भी अभद्रता की डीसीपी सिटी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।