पुलिस ने किया मास्टरमाइंड को गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में आरएसएस के महानगर पर्यावरण प्रमुख संदीप शर्मा की हत्या दो लाख रुपए की सुपारी देकर शूटर्स से कराई थी। हत्या के मास्टरमाइंड पवन उपाध्याय को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हत्या के पीछे दुकान का छज्जा निकालने का विरोध और पवन के यहां किराये पर रहने वाली महिला पर की गई टिप्पणी कारण माना जा रहा है। एसएसपी ने कहा कि हत्या में शामिल दो शार्प शूटर्स के साथ अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
एसएसपी राहुल यादवेंदु ने पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि तीन जुलाई की रात को थाना उत्तर के दयालनगर निवासी आरएसएस के नेता संदीप शर्मा (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
कुछ दिन पहले हुआ था विवाद
हत्याकांड के खुलासे के लिए एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह, एसएचओ उत्तर अनिल कुमार, लाइनपार नीरज मिश्रा, एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह एवं एसएसआई उत्तर अनिल कुमार, नितिन त्यागी पूरी टीम के साथ जुटे थे।
एसएसपी ने कहा कि संदीप शर्मा की किशन नगर निवासी मेडिकल संचालक पवन उपाध्याय पुत्र जयगोपाल उपाध्याय का दुकान का छज्जा निकालने का चार साल पहले विरोध किए जाने के कारण रंजिश चल रही थी।
छज्जा बनाने का विरोध करने वालों की अगुवाई संदीप ने की थी। पवन ने उस समय संदीप के सीने पर रिवॉल्वर लगा दी थी। बीती दीपावली पर पवन के यहां रह रही महिला पर की गई टिप्पणी पर संदीप और पवन में विवाद हुआ था।
पवन ने दी थी धमकी
एसएसपी ने बताया कि उसी समय पवन ने जिंदा नहीं छोड़ने तक की धमकी दी थी। एसएसपी ने कहा कि पवन उपाध्याय के मकान में एक महिला किराएदार रहती थी। संदीप कुछ हरकतों को लेकर विरोध करता था।
उसको कई बार पवन की रखैल बताते हुए बेइज्जती की थी। इसी बात को लेकर पवन ने संदीप को रास्ते से हटाने की तैयारी कर ली। उन्होंने कहा कि पहले संदीप की हत्या की सुपारी टापाखुर्द निवासी अश्वनी वर्मा को एक लाख बीस हजार में दी थी। अश्वनी बीमारी के कारण टालता रहा।
करीब 20 दिन पूर्व पवन ने एटा के शार्प शूटर अनिल उपाध्याय उर्फ बॉबी और सत्ताइस उर्फ रामप्रकाश निवासी हरीनगर टापा खुर्द को संदीप की हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी। इन्होंने संदीप की गोली मारकर हत्या कर दी। अनिल पर हत्या, लूट डकैती के 12 से अधिक मुकदमे हैं।