आगरा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2021 का पालन न कर कचरा निस्तारण में खेल करने वाले बड़े होटलों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई का मूड बना लिया है। निगम सोमवार से ऐसे होटलों पर जांच के लिए टीम भेजेगा। जांच में जो भी होटल कचरे का निस्तारण सही तरीके से कराते नहीं मिलेंगे, उनके लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस संबंध में समीक्षा बैठक की। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि सोमवार से सभी सेनेटरी इंस्पेक्टर अपने-अपने क्षेत्रों में बल्क वेस्ट जनरेटर होटलों का निरीक्षण करेंगे। नगर निगम पहले ही 166 प्रमुख होटलों को नोटिस जारी कर नियमों का पालन करने की चेतावनी दे चुका है। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित होटलों के खिलाफ जुर्माना, स्टार रेटिंग में कटौती और व्यापार लाइसेंस रद्द कराने जैसी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इन होटलों को थमाया जा चुका है नोटिस
फतेहाबाद रोड स्थित कई बड़े होटलों को नोटिस थमाया गया है। इनमें होटल ताज प्लाजा, ताज थ्री स्टार होटल, ताज वे होटल, ताज हवेली, होटल सिद्धार्थ, होटल राजविलास, होटल क्रिस्टल इन, होटल 7 हिल टावर और होटल फाइन शेल्टर आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।
नगर निगम ने खाली कराई पार्किंग
नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को शांति मांगलिक अस्पताल के पास स्थित पार्किंग पर अवैध कब्जा जमाए बैठे खोखे और ठेलों को हटवाया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया लेकिन उनकी एक न चली। निगम की टीम कई खोखे व ठेलों को जब्त कर आगे बढ़ गई। वहीं, शमसाबाद सौ फुटा रोड पर गंदगी और अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। सफाई व्यवस्था में बाधा डालने और सड़क पर कब्जा करने वाले दुकानदारों से कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। भविष्य में गंदगी करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इसके अलावा सूर्यलोक कालोनी में सिंडीकेट बैंक के पास सड़क किनारे गाड़े गए खूंटों को उखड़वाया और लोगों से सार्वजनिक रास्तों पर जानवर न बांधने की अपील की।