गंजडुंडवारा। कस्बा में विद्युत निगम की मनमानी चल रही है। कस्बे में विद्युत खंभा बदलने कार्य किया जा रहा है, लेकिन विद्युत निगम की लापरवाही भी उजागर हुई है। विद्युत निगम ने गुरुद्वारे के पास मोड़ पर एक विद्युत खंभा बीच सड़क पर डाल दिया है। इससे वाहन चालकों एवं आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है।
कस्बा का व्यस्ततम बाजार गुरुद्वारे के पास मोड़ पर एक विद्युत खंभा 20 दिन पहले विद्युत निगम ने बीच सड़क पर डाल दिया गया है। लोगों का आरोप है कि निगम की लापरवाही के कारण यह खंभा सड़क पर पड़ा हुआ है। इससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। सोमवार को भी इस खंभे से टकरा कर कई लोग ठोकर खाकर चोटिल हो गए।
लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी यह खंभा सड़क से हटाया नहीं गया है। इससे जहां पैदल राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। वहीं कभी भी बड़ा हादसा भी हो सकता है। स्थानीय लोगों अशोक कुमार, सुशील कुमार, श्याम बाबू वर्मा, बॉबी, राजेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, सोरन सिंह, यादराम ने निगम के अधिकारियों से सड़क पर पड़े इस खंभे को हटवाए जाने की मांग की है।