आगरा में अमर उजाला फाउंडेशन और आगरा विकास मंच ने एसएन मेडिकल कॉलेज को 30 कंबल उपलब्ध कराए हैं। इनको जरूरतमंद तीमारदारों को टोकन पर निशुल्क दिए जाएंगे। यह व्यवस्था इमरजेंसी के आश्रय स्थल और रैन बसेरा के लिए की गई है।
सोमवार को अमर उजाला ने रात में आश्रय स्थल, तीमारदारों के सर्दी से बेहाल की परेशानी प्रकाशित की थी। इस पर फाउंडेशन और मंच ने मंगलवार को 30 कंबल एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को सौंपे हैं। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने आभार जताते हुए बताया कि इन कंबलों को इमरजेंसी में रखा जाएगा, जहां से तीमारदार 100 रुपये जमा करके टोकन पर यह कंबल ले जा सकते हैं। रात बिताने के बाद कंबल वापसी पर जमा 100 रुपये लौटा दिए जाएंगे।
मंच अध्यक्ष राजकुमार जैन और संयोजक सुनील कुमार जैन ने कहा कि इससे पहले फाउंडेशन के सेवा कार्यों के प्रकल्प कैंसर विभाग को पांच बेड उपलब्ध करा चुके हैं। कार्यक्रम में वक्ष एवं क्षय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार, डॉ. प्रभात अग्रवाल, डॉ. मनीष बंसल, डॉ. गौरव शर्मा, सुशील जैन, विमल जैन, अरविंद शर्मा, अरुण अग्रवाल, अनुपम भारद्वाज, शिवप्रसाद शर्मा, पंकज अग्रवाल मौजूद रहे।