कीचड़ और जलभराव से नयापुरा का रास्ता बेहाल, स्कूल जाने में बच्चों को परेशानी
पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव कांकरखेड़ा के उपगांव नयापुरा में जलभराव के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव के मुख्य रास्ते पर कई दिनों से पानी और कीचड़ जमा होने से आवागमन प्रभावित है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है।
जलभराव के बीच से होकर बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है। वहीं पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी फिसलने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। लंबे समय से रास्ते पर गंदा पानी जमा होने से आसपास के लोगों को दुर्गंध और मच्छरों की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों और राहगीरों को राहत मिल सके।