गंजडुंडवारा। क्षेत्र के नवाबगंज नगरिया गांव में आपूर्ति के लिए लगा ट्रांसफार्मर करीब एक माह पूर्व जल गया। विभाग की उदासीनता से यहां दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा सका। इसका परिणाम है कि बीते करीब एक माह से गांव के लोग अंधेरे में है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चे और बुजुर्ग अधिक परेशान हैं।
इस गांव की आबादी करीब 5000 के लगभग है। गांव में लगा ट्रांसफार्मर करीब एक माह पूर्व फुंक गया था। इसके चलते यहां स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं आधे से अधिक गांव में बिजली आपूर्ति यहां बाधित हो गई है। इसे सही कराने के लिए अब तक कई बार हेल्पलाइन नंबर 1912 सहित विद्युत निगम में भी शिकायत की जा चुकी है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीण अजय, आदेश व आंगन लाल ने बताया कि बरसात का मौसम चल रहा है। इस मौसम में नमी के कारण तमाम तरह के जहरीले कीड़े मकोड़े निकलते हैं लेकिन अंधेरा होने के कारण लोग रात्रि में काम होने पर भी घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। ग्रामीण अवनीश मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में 340 बच्चे पढ़ते हैं, यहां आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित हैं, लेकिन गर्मी के कारण बच्चों को पठन-पाठन में काफी समस्या होती है।
बिजली न आने से विद्यालय की सबमर्सिबल शुरू नहीं हो पा रही है। इससे शुद्ध पानी भी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से तत्काल गांव की बिजली ठीक करने की मांग की है।