भोगांव में एक दुकान पर जांच करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को जवाहर नवोदय विद्यालय में निरीक्षण किया। यहां से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं, भोगांव में अन्य दुकानों से भी टीम ने नमूने संग्रहीत किए।
जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव में छात्र-छात्राओं को मिलने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत की गई थी। शिकायत पर गुरुवार को एसडीएम भोगांव पीसी आर्य के निर्देशन में विभागीय टीम ने निरीक्षण किया। अभिहित अधिकारी रामसुंदर प्रसाद के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की बारीकी से जांच की।
इस दौरान टीम ने संदेह के आधार पर मांग आदर्श भगवती शिक्षा सेवा संस्थान द्वारा भेजे गए चने और एएमपीएस इंटरनेशनल की ओर से आपूर्ति किए गए मूंगफली दाना का नमूना भरा। इसके बाद टीम ने नगर में भी अभियान चलाया। इस दौरान विनय किराना स्टोर से किशमिश और वजीर आलम की दुकान से बेसन का नमूना लिया। कुल चार नमूने जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला लखनऊ भेजे गए। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, एसबी सिंह, डीके वर्मा और खाद्य सहायक सुघर सिंह शामिल रहे।