मैनपुरी। नवोदय छात्रा की कथित हत्या और दुष्कर्म के मामले में नवोदय विद्यालय की तत्कालीन प्रधानाचार्या सुषमा सागर की पुलिस रिमांड स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट पूनम त्यागी ने मंजूर कर दी है। एसआईटी जेल से उनको सुबह नौ बजे ले जाएगी। शाम पांच बजे उनको जेल लाना होगा।
नवोदय विद्यालय में एक छात्रा के साथ कथित हत्या और दुष्कर्म के मामले में एसआईटी नवोदय विद्यालय की तत्कालीन प्रधानाचार्या सुषमा सागर को जेल भेज चुकी है। टीम ने मंगलवार को स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट पूनम त्यागी की कोर्ट में आवेदन किया। टीम की ओर से कहा गया कि पूर्व प्रधानाचार्या से टीम को घटना के संबंध में पूछताछ करके कुछ सबूत भी एकत्रित करने हैं। एडीजीसी अनूप यादव ने कोर्ट में एसआईटी टीम का पक्ष रखते हुए बताया कि पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने पर ही एसआईटी सबूत हासिल कर सकती है।
स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट पूनम त्यागी ने पूर्व प्रधानाचार्या का पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर दिया है। टीम को आदेश दिया है कि पुलिस कस्टडी रिमांड सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक का होगा। इस अवधि में उत्पीडनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। एसआईटी उनको नवोदय विद्यालय ले जाकर सबूत जुटाएगी।