10एमएनपी-04-जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जवाहर नवोदय विद्यालय में यूं तो सालों से शिक्षक ही क्लास लगाते आए हैं लेकिन इन दिनों कथित छात्रा हत्याकांड का राज जानने के लिए एसआईटी शिक्षकों की क्लास लगा रही है। ये क्लास रोजाना छह से आठ घंटे तक चल रही है। इसमें शिक्षकों व अन्य स्टाफ से छात्रा के संबंध में सवाल जवाब किए जा रहे हैं।
नवोदय में छात्रा की कथित हत्या के बाद जब स्लाइड रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई तो मुख्यमंत्री ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। एक दिसंबर को एसआईटी के अधिकारी आईजी मोहित अग्रवाल और सीओ एसटीएफ श्यामकांत ने मैनपुरी पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। वहीं शाम को टीम के तीसरे सदस्य एसपी मैनपुरी अजय कुमार भी पहुंच गए थे। तब से लेकर सोमवार तक लगातार रात दिन जवाहर नवोदय विद्यालय में शिक्षकों की क्लास जारी है।
छात्रा के संबंध में शिक्षकों से अलग-अलग सवाल जवाब किए जा रहे हैं। वहीं अन्य स्टाफ पर भी एसआईटी नजर रखे हुए है। जांच के दौरान ही एसआईटी को कई ऐसी बातें पता चलीं, जिसने उन्हें केस के और करीब ला दिया लेकिन इससे खड़े हुए सवालों के जवाब पाने के लिए लगातार एसआईटी ने नवोदय में छह से आठ घंटे तक शिक्षकों से सवाल-जवाब किए। एसआईटी को शक है कि स्टाफ कुछ न कुछ तो जरूर जानता है जो छिपाया जा रहा है।
वॉचमैन से लेकर रसोइया से भी की पूछताछ
एसआईटी ने अब तक अपनी जांच में केवल शिक्षकों और छात्रों को नहीं बल्कि अन्य स्टाफ को भी टटोला है। इसमें वॉचमैन से लेकर इलेक्ट्रीशियन, रसोइया, प्लंबर आदि सभी से छात्रा के संबंध में पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से पूछताछ में ही एसआईटी के सामने कई अहम बातें सामने आईं हैं।
मंगलवार को स्टाफ ने ली राहत की सांस
बीते सोमवार से एसआईटी ने छात्रा की मौत के मामले में जांच शुरू की थी। इस दिन से लगातार एसआईटी विद्यालय जाकर लंबी पूछताछ कर रही थी। आठ दिनों के बाद मंगलवार को एसआईटी नवोदय नहीं पहुंची। इसके बाद शिक्षकों ने राहत की सांस ली। शिक्षण के बाद शिक्षकों ने अपने-अपने आवासों में आराम किया, तो वहीं बच्चों ने भी खेलकूद में प्रतिभाग किया।