कासगंज। नौतपा का आगाज बृहस्पतिवार को सुहाने मौसम के साथ हुआ। तीन दिन में 7 डिग्री तक पारा नीचे आ गया। प्रदेश में मौसम विभाग ने बारिश का जो अलर्ट जारी किया है उसमें जिले को यलो श्रेणी में रखा है। तीन दिन तक बारिश की संभावना जताई जा रही है। नौतपा में 9 दिन तक भीषण गर्मी पड़ने की मान्यता चली आ रही है। तीन दिन पहले तक सूर्यदेव आग उगल रहे थे। अधिकतम पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे लगने लगा था कि नौतपा के नौ दिन भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर देगी, लेकिन नौतपा की पूर्व संध्या से ही मौसम में परिवर्तन आना शुरू हो गया। आग उगलते सूर्यदेव के तेवर डीले पड़ने लगे हैं।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही ठंडी हवा चलने लगी, जिससे सुबह के समय न्यूनतम पारा 23 डिग्री रहा। दिन चढ़ने के साथ पारा चढा तो लेकिन आसमान में बादलों के छाने एवं हवा के झोकों के चलने से अधिकतम पारा 38 डिग्री तक ही पहुंच सका। दिन के समय मे भी शीतल हवा चलती रही, जिससे लोग काफी राहत महसूस करते देखे गए। बाजार में भी अच्छी चहल पहल बनी रही। सूर्यास्त के बाद पारे में और गिरावट आना शुरू हो गई।
मौसम विभाग ने जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 28 मई तक बारिश की संभावना जताई जा रही है। पारा गिरने से मौसम में गर्मी कम हुई है। - सुमित कुमार, जिला कृषि अधिकारी
ज्योतिष नहीं मान रहे अच्छा संकेत
ज्योतिषाचार्य मुकुंद बल्लभ भट्टा का कहना है कि शास्त्र के अनुसार, सूर्य जब चंद्रमा के रोहिणी नक्षत्र में आ जाता है तो नौतपा शुरू हो जाता है। सूर्य 15 दिनों के लिए इस नक्षत्र में आता है। पहले नौ दिन सर्वाधिक गर्मी वाले होते हैं। यदि इन नौ दिनों में किसी भी प्रकार से बारिश न हो और न ही ठंडी हवा चले तो यह माना जाता है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी, लेकिन नौतपा के पहले दिन मौसम में नमी आ गई है जिससे नौतपा खंड़ित हो गया है। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना भी जताई जा रही है।