मैनपुरी। दीवानी परिसर में 13 सितंबर को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 41692 मुकदमे सूचीबद्ध किए गए हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से संबंधित मुकदमों में पक्षकारों को नोटिस भेजे गए हैं।
बैंकों ने 28052, न्यायालयों से अपराध के 3478, दीवानी के 133, वैवाहिक विवाद के 43 मुकदमों की सूची भेजी गई है। राष्ट्रीय लोक अदालत में समझौते से मुकदमों को निस्तारित करने के लिए विद्युत निगम ने 403, चेक बाउंस के 18, राजस्व के 2273 के साथ ही अन्य विभागों ने 7292 मामले चिन्हित करके जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में भेज दिए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कमल सिंह अपर जिला जज ने बताया कि प्राधिकरण के अध्यक्ष पंकज कुमार अग्रवाल जिला जज की देखरेख में बैंकों के मुकदमे न्यायिक अधिकारियों की तीन पीठ बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में समझौते से निस्तारित करेंगी। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण तथा जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के पीठासीन अधिकारी चिन्हित किए गए मामलों को निस्तारित करेंगे।