मथुरा के बाद रेलवे स्टेशन पर चल रहे तीसरी रेलवे लाइन के काम को पूरा करने के लिए शनिवार रात 11 बजे से हाईवे को 30 घंटे के लिए डायवर्ट कर दिया गया है। भारी वाहनों के लिए यह डायवर्जन सोमवार सुबह पांच बजे तक रहेगा। इस दौरान हल्के वाहनों को मथुरा-आगरा हाईवे लैफ्ट साइड से गुजारे जाएंगे। इसके लिए हाईवे पर बाद रेलवे पुलिया पर पर्याप्त पुलिस भी तैनात कर दी गई। जबकि आगरा-मथुरा मार्ग बंद कर दिया गया।
तीसरी रेल लाइन के काम पिछले कुछ दिनों से तेजी से किया जा रहा है। रेलवे के इंजीनियरों द्वारा बाद रेलवे पुलिया के निकट बॉक्स पुसिंग का काम किया जाएगा। यह कार्य उनके द्वारा शनिवार रात से प्रारंभ हो गया। यह कार्य रविवार पूरे दिन रात तथा सोमवार सुबह पांच बजे तक चलेगा। इस दौरान हाईवे पर बनी पुलिया से कोई भी भारी वाहन नहीं गुजरेगा। भारी वाहनों को पहले से ही डायवर्ट किया गया है, जबकि जो लाइट वाहन गुजारे जाएंगे वह मथुरा से आगरा लेफ्ट साइड से गुजारे जाएंगे।
जानकारी देते हुए मुख्य परियोजना प्रबंधक रेल विकास निगम लिमिटेड आगरा सुमित सरदाना ने बताया कि भारी वाहनों को डायवर्ट करने तथा लाइट वाहनों को मथुरा-आगरा लेफ्ट साइड से गुजारे जाने का निर्णय लिया है। एसपी यातायात हरेंद्र कुमार ने बताया कि हाईवे पर तय किए गए रूट को भारी वाहन चालक तथा हल्के वाहन चालक अनुपालन करें।
इस प्रकार से होगा भारी वाहनों का रूट डायवर्ट
- दिल्ली-हरियाणा की तरफ से आने वाले वाहनों को छाता शेरगढ़ मार्ग से होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे से गुजारा जाएगा।
- कानपुर-फिरोजाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को कुबेरपुर यमुना एक्सप्रेसवे से गुजारा जाएगा।
- आगरा-ग्वालियर की ओर से आने वाले वाहनों को रेपुरा जाट बाईपास द्वारा भरतपुर से गुजारा जाएगा।
- दिल्ली-भरतपुर से आने वाले ट्रैफिक को टाउनशिप चौराहे से गोकुल बैराज के माध्यम से नोएडा एक्सप्रेस वे से गुजारा जाएगा।