यूपी के कासगंज में शनिवार को राजस्थान से भी बड़ा हादसा होने से टल गया। राजस्थान के भरतपुर से यूपी के कासगंज आ रही सवारी गाड़ी (55354) हजारा नहर पुल के पास दुर्घटना का शिकार हो गई।
ट्रेन नहर में गिरने से बाल-बाल बची। सवारी गाड़ी ट्रैक पर फंसे लोडर टेंपो से टकरा गई। करीब 200 मीटर तक लोडर टेंपो ट्रेन के साथ घसीटता हुआ चला गया जिससे पुल की बैरीकेट टूट गईं।
हादसे में की-मैन व एक अन्य ग्रामीण बाल-बाल बच गए। सवा घंटे के बाद दुर्घटनास्थल से गाड़ी कासगंज की ओर रवाना हो पाई। यह हादसा कासगंज-मथुरा रेलमार्ग पर मारहरा रेल क्रॉसिंग और हजारा नहर के रेल पुल संख्या 405 पर किलोमीटर 250 पर हुआ।
जहां के एक कच्चे रास्ते से यूटीलिटी लोडर टेंपो गाय, बछडे़ लेकर अलीगढ़ के दादों की ओर जा रहा था। टेंपो चालक ने गलत रास्ते से सीधी रेल लाइन पास करने की कोशिश की। रेल लाइन पर जाकर टेंपो फंस गया।
रेल हादसा
- फोटो : अमर उजाला
टेंपो में चालक के अलावा टेंपो मालिक विकास व अन्य तीन लोग भी सवार थे। टेंपो को निकालने की काफी कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसी स्थिति में टेंपो से गाय, बछड़ा को उतार लिया। वहीं यात्री भी उतर गए।
तभी की-मैन गिरजेश कुमार और नदरई के ग्रामीण शान मोहम्मद की नजर ट्रैक पर फंसे लोडर टेंपो पर पड़ी। गिरजेश ने तत्काल ही रेलवे प्रशासन को सूचना देकर झंडी दिखाकर ट्रेन को रोकने का भी प्रयास किया लेकिन ट्रेन नहीं रुक पाई वह ट्रैक पर फंसे लोडर टेंपो को घसीटती हुई करीब 200 मीटर नहर पुल को पार करती हुई आगे जाकर रुकी।
ट्रेन के इंजन में लोडर टेंपो फंसे होने के कारण रेल पटरियों, पुल के बैरीकेट से भिड़ता चला गया, जिससे बैरीकेट भी क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेन को रोकने का प्रयास कर रहे की-मैन गिरजेश कुमार बाल बाल बच गए।
रेल हादसा
- फोटो : अमर उजाला
वहीं ग्रामीण शान मोहम्मद पुल की बैरीकेट के घेरे में बचने के लिए खड़ा था, लेकिन बैरीकेट टूट गया। शान मोहम्मद भी बाल-बाल बच गए। गाड़ी के रुकते ही दुर्घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। कासगंज स्टेशन पर चालक और गार्ड ने मामले की सूचना दी।
आनन-फानन में रेल प्रशासन मौके पर पहुंच गया। रेल के इंजन में फंसे मलबे को बाहर निकालकर रेल मार्ग साफ किया। रेल पटरी में जगह-जगह क्लिप खुल गए थे जिन्हें रेल कर्मियों ने तुरंत सही किया। करीब सवा घंटे तक गाड़ी मौके पर खड़ी रही। रेल पथ सही व साफ करने के बाद गाड़ी को कासगंज के लिए रवाना किया गया।