दवा फैक्टरी के बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो दिल्ली की टीम ने गुरुवार को सिकंदरा के औद्योगिक क्षेत्र स्थित दवा फैक्टरी जेपीईई ड्रग्स ग्रुप ऑफ कंपनीज पर छापा मारा। टीम के साथ पुलिस भी मौजूद रही। चार घंटे चली कार्रवाई के बाद फैक्टरी से दो मेटाडोर भरकर दवाएं और रिकॉर्ड को जब्त किया गया। इन दवाओं के नशीली की होने की आशंका है। टीम दवाओं को दिल्ली ले गई है। टीम इन दवाओं और रिकार्ड की जांच करेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि दिल्ली में पिछले दिनों एयरपोर्ट पर कोरियर में नशे की दवाओं का जखीरा पकड़ा गया था। इस मामले की जांच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम कर रही थी। एक सप्ताह पहले बल्केश्वर से दवा कारोबारी कपिल अग्रवाल को पकड़ा था। उससे पूछताछ की गई थी। इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र की जेपीईई ड्रग्स ग्रुप आफ कंपनीज का नाम आया।
इस पर टीम गुरुवार दोपहर को आई थी। चार घंटे चली कार्रवाई के दौरान पुलिस को भी बुलाया गया। फैक्टरी से दो मेटाडोर दवा जब्त की गईं। वहीं रिकॉर्ड भी जब्त किया गया। फैक्टरी मालिक विनोद अग्रवाल हैं।
पूछताछ में पता चला कि फैक्टरी में एंटी बायोटिक और दर्द निवारक दवाएं बनती हैं। एसपी सिटी ने बताया कि टीम दवाओं की जांच करेगी। उनके नशे की दवाएं होने की आशंका है। जांच के बाद ही स्थिति साफ हो गई। अगर, दवा कारोबारी विनोद अग्रवाल की कोई भूमिका मिलेगी तो एनसीबी कार्रवाई करेगी।