आगरा के खैराती टोला में नमामि गंगे योजना की सीवर लाइन की टेस्टिंग के दौरान लीकेज से सड़क अचानक धंस गई, जिसके बाद यातायात डायवर्ट करना पड़ा। लीकेज की वजह तलाशने और मरम्मत के लिए जल निगम ने दिल्ली से विशेषज्ञ कर्मचारियों को बुलाया है, बुधवार से काम शुरू होने की उम्मीद है।
आगरा के धांधूपुरा में नमामि गंगे योजना के तहत बनाए गए 100 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की सीवर लाइन टेस्टिंग के दौरान खैराती टोला के पास लीक हो गई। इससे अचानक सड़क धंस गई। दायरा बढ़ने से मंगलवार रात बैरिकेडिंग कर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया। बुधवार को इसकी मरम्मत कराई जाएगी।
विज्ञापन
दो दिन से जल निगम ग्रामीण शाखा इसकी टेस्टिंग कर रही थी। जिसमें मंटोला नाले का अतिरिक्त पानी टैपिंग के बाद खैराती टोला पंपिंग स्टेशन से धांधूपुरा भेजा जा रहा था। बुधवार से मरम्मत शुरू की जा सकती है, जिसके लिए सड़क के एक हिस्से की बैरिकेडिंग की है। जल निगम ग्रामीण शाखा के प्रोजेक्ट मैनेजर आरपी सिंह ने बताया कि खैराती टोला में चैंबर के पास लीकेज की शिकायत है।
यह किस लाइन में है, इसके लिए विशेषज्ञ कर्मचारी दिल्ली से बुलाए गए हैं। आशंका है कि यहां एक पुरानी ब्रिटिशकालीन लाइन भी है, जिसका उपयोग बंद था। संभवत: उसी में लीकेज हुई है। बुधवार को कर्मचारियों के आने के बाद मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। नई लाइन एमएस पाइप की है, जिसकी इतनी जल्दी वेल्डिंग खुलना मुमकिन नहीं।
विज्ञापन
बाग मुजफ्फर खां में भी धंसी सड़क
मंगलवार को बाग मुजफ्फर खां में सड़क धंस जाने से गहरा गड्ढा हो गया। सुबह हुआ गड्ढा तीन फीट गहरा और चार फीट चौड़ा था लेकिन शाम तक यह गहरा और चौड़ा होता चला गया। क्षेत्रीय पार्षद राजीव लवानिया ने बताया कि यहां से पानी की लाइन निकली हुई है। इस क्षेत्र में सीवर लाइन नहीं है। ऐसे में सीवर लाइन की लीकेज नहीं लग रही। जलकल अधिकारियों से मरम्मत के लिए कहा है। गली में इस गड्ढे के कारण आवागमन बंद करा दिया गया है।
रूई की मंडी में टूटी पानी की लाइन
रूई की मंडी क्षेत्र में रेल ओवरब्रिज के निर्माण के दौरान पानी की छह इंच की पाइपलाइन फट गई, जिससे पिलर के पास गहरा गड्ढा हो गया। गड्ढे में पानी भर जाने के कारण यहां से निकलने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं। क्षेत्रीय निवासी राजकुमार गौतम ने बताया कि पानी का संकट होने के साथ गड्ढे के कारण यहां से निकलना मुश्किल भरा है। बारिश होने के कारण कीचड़ और फिसलन हो गई। जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि पाइपलाइन किसी खुदाई के दौरान टूट गई है। टीम भेजकर मरम्मत कराई जाएगी।