मथुरा जनपद के नंदगांव स्थित नंदबाबा मंदिर में नमाज अदा करने के आरोप में सोमवार को दिल्ली से गिरफ्तार किए गए फैजल खान की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। मंगलवार की शाम फैजल को तहसील छाता परिसर में स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वाति सिंह की अदालत तक ले जाया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश कर दिए। फिलहाल पुलिस ने निजी अस्पताल में फैजल को आइसोलेट कराया है।
विज्ञापन
एसपी देहात श्रीशचंद्र ने बताया कि दिल्ली से लाने के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल में फैजल खान का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया साथ ही कोरोना की जांच हुई। कोरोना की पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इसके बाद कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए एंबुलेंस से फैजल को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के लिए छाता तहसील परिसर में ले जाया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वाति सिंह ने एंबुलेंस के पास आकर फैजल के बयान लिए।
एसपी देहात ने बताया कि 29 अक्तूबर को दिल्ली निवासी फैजल व चांद मोहम्मद ने नंदबाबा मंदिर में बिना अनुमति के नमाज अदा की थी। इस मामले में सेवायतों ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फैजल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब चांद मोहम्मद, आलोक रतन व नीलेश गुप्ता की तलाश कर रही है।
छाता तहसील परिसर में एंबुलेंस से फैजल खान को लाया गया
- फोटो : अमर उजाला
फैजल को मथुरा लाने वाले पुलिसकर्मी क्वारंटीन
नंदबाबा मंदिर परिसर में नमाज अदा करने के आरोपी दिल्ली निवासी फैजल खान को दिल्ली के शाहीन बाग ओखला से गिरफ्तार करने के बाद मथुरा में कोरोना जांच कराई गई। जांच में फैजल खान कोरोना संक्रमित मिला। एसपी देहात श्रीशचंद्र ने बताया कि फैजल के साथ आने वाले एक दरोगा और पांच पुलिसकर्मियों को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं उनके नमूने कोरोना जांच के लिए भेजे जाएंगे।
जनपद में कोरोना के 37 नए केस मिले
मंगलवार को जनपद में 37 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें बैराग पुरा, जमुना पार, सोंख रोड, उसपार, लक्ष्मी नगर, राया, श्री राधा विंटेज गोवर्धन रोड, लक्ष्मी नगर जमुनापार, मां वैष्णो देवी धाम मंदिर के समीप, राधापुरम एस्टेट, पुलिस लाइन, वृंदावन, सिविल लाइन, लालपुर, डीग अड्डा गोवर्धन, राधा कुंड गोवर्धन, टेंटीगांव, अजीजपुर, पुरुषोत्तमपुर, श्रीकृष्ण जन्मभूमि, खरोठ, राधेश्याम कॉलोनी, महिला आश्रय सदन वृंदावन में तीन केस, कोसीकला में तीन, बुखारी, पालिखेड़ा, टीकागढ़ी और तारस मंदिर वृंदावन से 42 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव मिला है।
जनपद में मृतकों की संख्या 100 पहुंच गई जबकि संक्रमितों का आंकड़ा 5095 पहुंच गया है। जिसमें 4618 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 380 एक्टिव केस हैं।