टूंडला। भाकियू नेता एवं कारोबारी ने नगला बीच चौकी के इंचार्ज पर दुकान पर आकर मारपीट करने और मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है। भाकियू इकाई ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है। चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई न होने की स्थिति में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाकियू के मंडल महामंत्री प्रिंस गुप्ता की नगला बीच में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। कुछ महीने पहले उनसे एक व्यक्ति उधार सामान ले गया, अब वह इसके रुपये नहीं दे रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने नगला बीच चौकी पर की। आरोप है चौकी इंचार्ज ने दबिश के लिए पहले गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के लिए कहा। प्रिंस ने बताया कि दारोगा ने अपनी व्यक्तिगत गाड़ी में दो हजार का डीजल डलवा लिया।
इसके बाद कहा कि 25 सौ रुपये और दो, जब यह देने से मना किया तो चौकी ले जाकर गाली-गलौज कर भगा दिया। डीजल डलवाने के बाद भी दबिश न देने पर प्रिंस ने चौकी इंचार्ज की लिखित शिकायत दो मार्च को एसएसपी से की। आरोप है 10 मार्च को चौकी इंचार्ज पुलिस के साथ दुकान पर आया और मारपीट की। इतना ही नहीं उसकी मां को भी धक्का दिया, पिता व दुकान पर काम कर रहे मजदूरों को भी चौकी पर ले गए। चौकी पर प्रिंस को धमकी दी कि अगर शिकायत वापस नहीं ली तो पूरे परिवार को मुकदमें में फंसाकर जेल भेज देंगे। आरोप है चौकी इंचार्ज ने जबरन राजीनामा करवा लिया है।
हालांकि चौकी प्रभारी आशीष कुमार ने लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है। सीओ देवेंद्र सिंह का कहना है कि यदि ऐसा कुछ हुआ है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।