हादसे के बाद लोगों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
इसी बीच नगर निगम का ही एक और ट्रैक्टर हैजा अस्पताल की ओर से उसी रास्ते पर आ गया। नगर निगम के कर्मचारी आगे-पीछे होकर जल्दबाजी में ट्रैक्टर और ट्राली को सड़क से निकालने का प्रयास कर रहे थे।
तभी एक ट्रैक्टर ट्राली पड़ोसी के मकान के पास खड़े अंकुर पर चढ़ गया। यह देख लोग दौड़े तो तीनों ट्रैक्टर चालक भाग निकले। आनन-फानन लोग गंभीर रूप से घायल अंकुर को नयति अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
लोगों के अनुसार ट्रैक्टर के दोनों पहिए अंकुर के सिर के ऊपर से गुजर गए थे। बच्चे की मौत से गुस्साए लोगों ने पुलिस को सूचित किया, लेकिन घटना के घंटों बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी की कार्यप्रणाली से लोग और भड़क गए।
गुस्साए लोगों ने पुलिस और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और ट्रैक्टर ट्राली में तोड़फोड़ कर जाम लगा दिया। इस दौरान मृतक के चाचा पूर्व सभासद बादाम सिंह सहित कई स्थानीय लोग मथुरा गेट चौकी प्रभारी पर भड़क गए और उन पर गंभीर आरोप लगाने लगे। यह देख दरोगा मौके से निकल गए।
उधर, लोगों को भड़का देख एसपी सिटी श्रवण कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह, सीओ सदर रमेशचंद कई थानों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाकर किसी तरह जाम खुलवाया।
मामले में मृतक के चाचा बादाम सिंह ने नगर निगम के ट्रैक्टर चालक राधेश्याम निवासी सेमरी थाना छाता के साथ ठेकेदार विजय अग्रवाल के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, नगर निगम में बैठे एक भी अधिकारी ने मौके पर पहुंचना भी मुनासिब नहीं समझा।
पूर्व में हुईं घटनाएं
- 23 अगस्त 2016 ट्रैक्टर ट्राली ने स्कूल वैन को टक्कर मारी 1 बच्ची की मौत 6 बच्चे घायल।
- 02 जनवरी 2019 मथुरा मार्ग पर ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मारी, युवक की मौत।