सिरसागंज (फिरोजाबाद)। जिला विज्ञान क्लब के तत्वाधान में बाल सृजनात्मक एवं नव प्रवर्तन विषय पर जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन जवाहर ज्योति अनुज पब्लिक स्कूल, सिरसागंज में किया गया। प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 240 विद्यार्थियों ने 123 मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, विशिष्ट अतिथि विधायक दादरी तेजपाल नागर, संजय शर्मा, देवेंद्र शाह, अशोक रपरिया एवं जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन ने किया। छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने बाल वैज्ञानिकों के मॉडलों की प्रशंसा की। बच्चों ने रॉयल सिटी, ऑटोबैलेंस साईकल, स्मार्ट सिटी, स्मार्ट कार, ऑटो मैटिक स्ट्रीट लाइट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सोलर, हैड्रोलिक लिफ्ट, वाटर अलार्म आदि नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए गए।
प्रथम स्थान प्रवीण विद्यापीठ के कार्तिकेय को पांच हजार, द्वितीय स्थान जवाहर ज्योति अनुज पब्लिक स्कूल के प्रशांत को तीन हजार, तृतीय स्थान डिवाइन इंटरनेशनल एकेडेमी के प्रांजल को दो हजार, चतुर्थ स्थान रामशरण विद्या निकेतन की भूमि एवं पंचम स्थान अमेजिंग वर्ल्ड के तनिष्क को एक-एक हजार का पुरस्कार के साथ प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक राजेश यादव,राहुल रावत,सतवीर सिंह थे। एक हजार निराश्रित महिलाओं को साड़ी का वितरण किया। इस दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य सुमन चतुर्वेदी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सोनी शिवहरे, सरोज शर्मा ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान हरिकिशन शर्मा, सीताराम शर्मा, डॉ. गुरुदत्त सिंह, देवशरण आर्य, सुखेन्द्र यादव, अंशुल खंडेलवाल आदि उपस्थित रहे।