फिरोजाबाद। सोमवार से उत्तर-पुस्तिकाओं और प्रवेश पत्र का वितरण शुरु कर दिया गया। पीडी जैन इंटर कॉलेज में बने कोठार से केंद्र व्यवस्थापक उत्तर-पुस्तिकाओं को लेने पहुंचे। वहीं, डीआईओएस कार्यालय से प्रवेश पत्र वितरित किए गए। आज से प्रवेश पत्र स्कूलों में छात्र-छात्राओं को वितरित किए जाएंगे।
पीडी जैन कॉलेज से सोमवार को जसराना तहसील के केंद्र व्यवस्थाओं को उत्तरपुस्तिकाएं वितरित की गईं। दोपहर तक 20 केंद्र व्यवस्थापकों को उत्तरपुस्तिकाएं दी गई। स्कूल संचालक ई-रिक्शा तो कोई मोटर साइकिल पर ही उत्तर-पुस्तिकाओं को ले जाता दिखा। इधर, डीआईओएस कार्यालय पर भी कॉलेज संचालकों की भीड़ रही। यहां छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र स्कूल संचालकों को प्रदान किए गए।
डीआईओएस निशा अस्थाना ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर उत्तर-पुस्तिकाएं पहुंचना शुरु हो गई हैं। प्रवेश पत्र भी स्कूल संचालकों को वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी स्कूल संचालक प्रवेश पत्र देने में आनाकानी न करे। शिकायत मिलने पर संबंधित स्कूल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।