रमजान का आगाज इस बार रात्रि कर्फ्यू के बीच होगा। आगरा के शहर मुफ्ती मजदुल कुदूद्स खुबैब रूमी ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मस्जिदों में पढ़ी जाने वाली तरावीह के लिए रात्रि कर्फ्यू में मुस्लिम इलाकों में ढील देने की मांग की है। उत्तर प्रदेश सर्वदलीय मुस्लिम एक्शन कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने भी एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत से मुलाकात करके ज्ञापन दिया।
शहर मुफ्ती ने कहा है कि रमजान 13-14 अप्रैल से शुरू हो रहा है। इस महीने मुस्लिम रात नमाज-ए-तरावीह, कुरान मजीद पढ़ने में बिताते हैं। दिन में रोजा रखा जाता है। इस दौरान पांच वक्त की नमाज मस्जिद में अदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि बाजार, ट्रेन और बसों में कोई पाबंदी नहीं है, लेकिन इबादतगाहों में ही पाबंदियां लगाई गई हैं। मस्जिदों में नमाजी साफ-सफाई के साथ एक सफ पर डेढ़ गज की दूरी पर बैठते हैं। ऐसे में संक्रमण का डर नहीं रहता है। उन्होंने रात्रि कर्फ्यू में रात्रि 11 बजे तक की छूट देने की मांग की है।
दूसरी ओर, सर्वदलीय मुस्लिम एक्शन कमेटी का प्रतिनिधिमंडल समी आगाई व सैयद इरफान सलीम के नेतृत्व में एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत से मिला। उन्होंने कहा कि मुस्लिम इलाकों में मस्जिदों में होने वाली तरावीह के लिए रात्रि कर्फ्यू में रात्रि 11 बजे तक की छूट दी जाए।