एटा की अलीगंज तहसील क्षेत्र के कस्बा सराय अगहत निवासी यामीन सिद्दीकी प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी के जबरदस्त फैन हैं। उनके लिए दीवानगी इस कदर है कि अपने सीने पर सीएम का टैटू बनवा लिया है। उनकी तमन्ना है कि मुख्यमंत्री से मिलकर यह टैटू उन्हें दिखाएं। यामीन कस्बे में ही जूते-चप्पल की दुकान करते हैं। छात्र जीवन में पढ़ाई करने के लिए फिरोजाबाद गए। 2017 में वहां सपा छात्र सभा में नगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली और वहां लगातार चार साल काम किया। यहां आने के बाद भी सपा से जुड़ाव रहा। लेकिन अभी करीब दो महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक भाषण ने उनका हृदय परिवर्तन कर दिया। उसी समय से वह सीएम योगी के फैन हो गए। लगातार उनके भाषण और वीडियो देखने व सुनने लगे। इतने प्रभावित हुए कि 22 मई को अपना फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल बनाकर योगी की पोस्ट व वीडियो अपलोड व शेयर करने लगे।