टूंडला (फिरोजाबाद)। घर से शौच के लिए निकले युवक की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई। युवक का शव गांव के बाहर चरी के खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नारखी के गांव नगला गुमानी निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह (21) पुत्र नौरंगपाल सिंह शुक्रवार रात तकरीबन नौ घर से शौच करने की बात कहकर खेतों की ओर निकला था। करीब दो घंटे बाद भी नहीं लौटने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद शनिवार तड़के तीन बजे करीब चरी के खेत के पास उसकी चप्पल पड़ी मिली।
गहनता से ढूंढने पर चरी के खेत में राघवेंद्र का लहूलुहान हालत में शव पड़ा मिला। राघवेंद्र की हत्या की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना प्रभारी नारखी विनोद कुमार, एसपी सिटी मुकेश कुमार मौके पर पहुंच गये। युवक के शरीर पर कई जगह धारदार हथियार के निशान थे। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह बीएससी करने के बाद परिवार के साथ खेतीबाड़ी का काम करता था। युवक की नृशंस हत्या से परिजन स्तब्ध हैं। उन्होंने किसी से भी कोई दुश्मनी न होने की बात कही है।
धारदार हथियारों से युवक की हत्या की गइ है। परिजनों ने अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है। मौके से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही हैं। तीन-चार बिंदुओं पर जांच चल रही है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
मुकेश कुमार मिश्रा
एसपी सिटी, फिरोजाबाद