साधु वेशधारी की डिश के केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव मांट के राधारानी मंदिर से 500 मीटर पहले सड़क किनारे फेंका गया था। हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए उसके चेहरे को पहले कंबल से ढका फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
गुरुवार सुबह नौ बजे थाना मांट के राधारानी मंदिर से पहले सड़क किनारे झाड़ियों में साधु वेशधारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची मांट पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। आसपास की तलाशी में पुलिस को प्लास्टिक बोतल भी मिली, इसमें पेट्रोल था।
मृतक का चेहरा कंबल से ढका हुआ था, जो कि पूरी तरह से जल चुका था। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की मानें तो डिश की केबल से गला घोंटकर साधू वेशधारी की हत्या की गई है और पहचान मिटाने को चेहरे को पेट्रोल डालकर जलाया गया है। मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके गले में कंठीमाला, शरीर पर जनेऊ और सफेद धोती मिली है।