किशनी (मैनपुरी)। गांव खिदरपुर में खेत की रखवाली करने गए एक युवक की मौत नशे में धुत आरोपियों द्वारा मारपीट के बाद हुई थी। उक्त मामल में नामजद नामजद पिता व दो पुत्रों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने मृतक के साथ मारपीट की बात कबूल की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव खिदरपुर निवासी 18 वर्षीय कौशलेंद्र 15 मार्च की रात खाना-खाने के बाद रात करीब 10 बजे खेत पर फसल की रखवाली करने गया था। अगले दिन सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला था, गले पर नाखूनों के निशान थे। जिन्हें देख कर लग रहा था कि मरने से पूर्व उसने संघर्ष किया होगा। पुलिस को घटनास्थल से शराब का खाली क्वाटर, कपड़ों का बैग आदि भी मिला था। उक्त मामले में मृतक के परिजनों ने जनपद इटावा के गांव नगला बल सिंह निवासी साधुराम पुत्र रामेश्वर दयाल व उसके दोनों पुत्र संजय व कल्लू के विरुद्ध रंजिश के चलते हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने नामजद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी। मामले की तफ्तीश के दौरान बृहस्पतिवार को पुलिस ने घटनाक्रम का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी संजय व कल्लू ने वहां बैठ कर शराब पी थी। नशे में हुए विवाद के बाद मृृृृतक कौशलेंद्र से मारपीट की गई। वह पीठ के बल जमीन पर गिर कर बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसने सुबह तक दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक ओमहरि वाजपेई ने बताया कि आरोपियों के पिता साधुराम घटना को छिपाने व साक्ष्य छिपाने के दोषी बनाए गए हैं। तीनों ही आरोपियों को जेल भेजा गया है।