27एमएनपी-21- आलीपुरखेड़ा के गांव गढिय़ा गोविंदेपुर में किशोरी का शव मिलने पर मौजूद पुलिस व भीड़
- फोटो : MAINPURI
भोगांव/आलीपुर खेड़ा (मैनपुरी)। पांच दिन पूर्व लापता हुई एक किशोरी का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। किशोरी के गले में रस्सी का फंदा कसा मिला। रस्सी एक पेड़ पर ऊंचाई पर बंधी मिली। लाश चार से पांच दिन पुरानी बताई जा रही है जिसमें दुर्गंध आने लगी। परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी वीरेंद्र सिंह की 16 वर्षीय पुत्री माधुरी बीते सोमवार की शाम घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन पता नहीं लग सका था। इसके बाद थाने में गांव निवासी युवक विकास पर पुत्री को ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस तलाश कर रही थी इस बीच शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने माधुरी का शव गांव के पास एक खेत में नाला किनारे पड़ा देखा। जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों की ओर से हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। हालांकि मृतका के भाई की ओर से दी गई तहरीर में किसी पर हत्या करने का आरोप नहीं लगाया, लेकिन पूर्व में दर्ज मामले का हवाला दिया है।
हत्या या खुदकुशी के बीच जांच में जुटी पुलिस
शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा है। इससे यह बात तो स्पष्ट होती है कि जिस दिन किशोरी लापता हुई थी, संभवत: मौत उसी दिन हो गई थी। अब पुलिस के सामने यह सवाल है कि किशोरी ने खुदकुशी की है या उसकी किसी ने हत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है।
किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आने पर मामला तरमीम करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रयांक जैन, सीओ