12एमएनपी-38-मृतक विजय कुमार फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी/दन्नाहार। थाना क्षेत्र के गांव दरवाह में पारिवारिक रंजिश के चलते युवक की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव हाजीपुर मार्ग पर गेहूं के खेत में पड़ा मिला। चचेरे भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गांव दरवाह निवासी 28 वर्षीय विजय उर्फ करू जाटव बुधवार की शाम घर पर था। परिवारीजनों के अनुसार उसे चचेरा भाई रामवीर कहीं साथ ले गया था। विजय जब देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजन उसकी तलाश में जुट गए। रामवीर का भी पता नहीं लग रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे लोगों ने विजय का शव हाजीपुर मार्ग स्थित गेहूं के खेत में पड़ा देखा। जानकारी मिलने के बाद परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। मृतक का चेहरा ईंट से कुचला हुआ था तो गले में बनियान का फंदा कसा था।
सूचना पर एएसपी ओमप्रकाश सिंह, एसडीएम अनिल कटियार, सीओ सिटी अभय नरायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता हरिओम जाटव की तहरीर पर पुलिस ने चचेरे भाई रामवीर जाटव के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
वर्जन
पारिवारिक रंजिश के चलते चचेरे भाई ने हत्या की है। मामला दर्ज कर लिया गया है, पुलिस जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी