घिरोर (मैनपुरी)। गांव नगला रघी में बुधवार शाम हुई युवक की हत्या के मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला रघी निवासी विकास यादव पुत्र रामनरेश बुधवार की शाम करीब 6:30 बजे घर के बाहर कुछ लोगों के साथ मौजूद था। आरोप है तभी वहां गांव निवासी एक व्यक्ति ने आकर गाली-गलौज की। विकास ने उसके थप्पड़ मार दिया था। इसी बात को लेकर उक्त व्यक्ति के भाई सत्यवीर ने गोली मारकर विकास की हत्या कर दी थी। मृतक के परिवारीजनों की ओर से भूखंड की रंजिश को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। उक्त मामले में मृतक के भाई विवेक यादव ने गांव निवासी सत्यवीर उर्फ छोटे यादव, चंद्रप्रकाश पुत्र सियाराम, मिथलेश पुत्र सियाराम और शिवम पुत्र मिथलेश पर जमीन के विवाद को लेकर हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी अजय कुमार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई हैं। सभी टीमें नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रहीं हैं।