पटियाली(कासगंज)। क्षेत्र के दरियावगंज थाना गांव में 21 जुलाई की रात में हुई वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा करते हुए आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में बहू ने हत्या की बात स्वीकार की है। उसने बताया है कि ससुर ने अपनी एक बेटी के नाम 5 बीघा जमीन और मकान कर दिया था।
राजबहादुर (60) का शव 22 जुलाई को सुबह घर के आंगन में चारपाई पर पड़ा मिला था। उसकी गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। उसके भाई ओमवीर ने मामले की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज करवाई थी। वारदात के बाद से ही राजबहादुर का बेटा मनोज फरार है। इससे पुलिस के शक की सुई लागातर उस पर जा रही थी।
जांच में पता चला कि हत्या की साजिश वृद्ध के बेटे मनोज और पुत्र वधू संतोषा देवी ने मिलकर रची थी। कोतवाली प्रभारी ने महिला उपनिरीक्षक सीमा त्रिपाठी के साथ मंगलवार दोपहर को नरदौली तिराहे से संतोषा देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि ससुर ने अपनी बेटी के नाम जमीन व मकान कर दिया था।
कहीं सारी संपत्ति बेटी को न दे दें इस बात का डर था। इसलिए पति मनोज के साथ मिलकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मनोज की तलाश कर रही है।
- वृद्ध की हत्या की घटना का खुलासा हो गया है। पति, पत्नी ही हत्या के आरोपी निकले हैं। पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। - शैलेंद्र गौतम, कोतवाली प्रभारी, पटियाली।