मथुरा के थाना छाता के गांव तरौली में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई और शव को गांव के ही पास तालाब के पास फेंक दिया। ग्रामीणों ने बुधवार सुबह शव देखा तो गांव में खलबली मच गई।
तरौली निवासी गुड्डू (48) मंगलवार रात दस बजे अपने घर खेत से लौटा था। तभी उसके पास एक कॉल आई। उसकी पत्नी गुड्डी देवी ने बताया कि उनके पति फोन पर बातचीत करते करते बाहर चले गए।
बुधवार सुबह जब ग्रामीण तालाब की तरफ गए तो किनारे पर ही गुड्डू का शव पड़ा मिला। उसके हाथ पीछे की तरफ बंधे हुए थे। सिर में चोट के निशान थे। गले पर भी निशान थे, जैसे गला दबाया गया हो। परिजनों का कहना है जब वह घर से गए थे तब उनके पास 40-45 हजार रुपए भी थे, जो नही मिले हैं।
घटना स्थल को देखकर आशंका व्यक्त की जा रही है कि व्यक्ति की हत्या की गई है। सूचना मिलने पर छाता पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर छाता रवि त्यागी ने बताया कि गुड्डू की हत्या की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजन से पूछताछ की जा रही है। परिजन किसी रंजिश से इनकार कर रहे हैं।