शक के घेरे में खाना बनाने वाली महिला और उसका पति
पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि अशोक जैन अकेले रहते थे। मगर, 10-12 दिन से एक महिला का उनके घर में आना जाना था। अशोक ने बताया था कि महिला का पति जेल में है। महिला परेशान थी। उसका एक बच्चा भी है। इसलिए उन्होंने खाना बनाने के लिए महिला को रखा था। वह सुबह नौ बजे आती थी। रात को आठ बजे जाती थी। हाल ही में पति भी जेल से जमानत पर छूटा था। सोमवार को महिला नहीं देखी गई। अब पुलिस के शक के घर में महिला और उसका पति है।
पांच हजार को लेकर हुआ विवाद
लोगों ने पुलिस को बताया कि अशोक जैन से महिला पांच हजार रुपये मांग रही थी। मगर, अशोक ने रुपये देने से मना कर दिया था। रविवार को रुपये को लेकर विवाद भी हुआ था। लोगों ने दोनों को बात करते हुए भी सुना था। एक संदिग्ध व्यक्ति को घर में आते हुए देखा था। अब पुलिस महिला और उसके पति की तलाश में लगी है। वह कहां की रहने वाली थी? यह फिलहाल पता नहीं चल सका है।
सुबह की गई थी हत्या
थाना छत्ता का प्रभार देख रहे एसआई योगेश कुमार ने बताया कि पटेल नगर घनी आबादी क्षेत्र है। अशोक जैन को सुबह छह बजे लोगों ने घर के बाहर देखा था। उन्होंने पटिया पर बैठकर मंजन किया था। इसके बाद दूध लेकर आए थे। उन्होंने चाय भी बनाई थी। सुबह नौ बजे कोई उनके घर पर आया था। अक्सर कुछ लोग मिलने आते थे, इसलिए किसी ने ध्यान नहीं दिया। मामले में मृतक के भाई प्रकाश चंद जैन की तहरीर पर राजू नामक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।