मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव में एक वृद्धा की हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को चौंकाने वाला खुलासा किया है। नामजद लोगों ने हत्याकांड को अंजाम नहीं दिया था, बल्कि शिकायत दर्ज कराने वाले ने ही बहू से विवाहेतर संबंधों व जमीन के लालच में हत्या की थी। पुलिस उक्त मामले में दो आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। वहीं अन्य की तलाश में जुटी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में महीने भर पहले एक खाली पड़े एक विवादित प्लाट की झाड़ियां काटने के दौरान दो पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई थी। उक्त घटना में एक 60 वर्षीय वृृद्धा के तीन गोलियां लगने से उनकी मौत हो गई थी। उक्त मामले में विपक्षी पूर्व सैनिक के परिवार के नजर सिंह, रामौतार सिंह, भीमसेन, हरिओम, भोजपाल और मनोज कुमार निवासी गढ़िया छिनकौरा थाना बेवर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उक्त घटना में दो लोग गोली लगने से घायल भी हुए थे। चार लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था।
उक्त घटनाक्रम में जब पुलिस ने जांच की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। वृद्धा की हत्या नामजद लोगों ने नहीं, बल्कि शिकायत दर्ज कराने वाले रिश्तेदार ने की। मृतका के रिश्तेदार की उसकी बहू से विवाहेतर संबंध थे। उसने हत्याकांड को एक सोची समझी साजिश के तहत अंजाम दिया। खुद हत्या करने के बाद विपक्षियों को नामजद कर दिया गया, जिससे वह रास्ते से हट जाएं। इससे उसके अवैध संबंध भी चलते रहेंगे और जमीन भी उसके पास आ जाएगी। पुलिस उक्त मामले में दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है, वहीं अन्य की तलाश में दबिश दे रही है। एसपी अजय शंकर राय ने कहा कि थाना पुलिस ने मेहनत करके सही खुलासा किया है।