मैनपुरी। थाना घिरोर क्षेत्र में 21 साल पहले जसराना तिराहे पर दिनदहाड़े हुई हत्या के आरोपी को अदालत से बरी कर दिया गया है। मुकदमे की सुनवाई करने के बाद स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट मुनव्वर जहां ने फैसला सुनाया है।
थाना घिरोर के लपगवां निवासी धर्मेंद्र मिश्रा की 21 जून 2001 को घिरोर में जसराना तिराहे पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। बीरवती निवासी फतेहपुर माढ़ई थाना शिकोहाबाद जिला फिरोजाबाद घायल हो गईं थीं। हत्या की रिपोर्ट धर्मेंद्र के भाई शिवेंद्र ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच करके ब्रजेंद्र उर्फ पप्पू पुत्र श्याम बिहारी, ब्रजेंद्र उर्फ पप्पू पुत्र मैकूलाल निवासी शाहजहांपुर थाना घिरोर, राजेश्वर यादव, गिरीश यादव निवासी लपगवां के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई के लिए चार्जशीट कोर्ट में भेज दी।
मुकदमे की सुनवाई स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट मुनव्वर जहां की कोर्ट में हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से गवाहों ने अदालत में गवाही तो दी लेकिन हत्या करने के आरोप को गवाही में साबित नहीं कर सके। बचाव पक्ष के वकील नबाब सिंह पाल, डालचंद्र पाल, सुमित कुमार चौहान ने आरोप साबित नहीं होने पर राजेश्वर को बरी करने की दलील दी। स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट मुनव्वर जहां ने राजेश्वर को हत्या के आरोप से बरी कर दिया है।
अनेक सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। जिसमें धर्मेंद्र मिश्रा पर मुखबिरी करने का शक परिवार के लोगों को था। जिसके चलते धर्मेंद्र मिश्रा की हत्या कर दी गई।