पुलिस लाइन में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा में पकड़ा गया मुन्नाभाई और सॉल्वर गैंग के अन्य स?
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के लिए ‘मुन्नाभाई’ से 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। ‘मुन्नाभाई’ को पकड़ने के बाद पुलिस ने अभ्यर्थी और बिचौलिया को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सॉल्वर गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में अहम सुराग हाथ लगने की बात कह रही है।
सोमवार को एएसपी ने प्रेसवार्ता कर खुलासे के संबंध में जानकारी दी।
जिले में 26 केंद्रों पर रविवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया गया था। इस दौरान फर्दपुर रोड स्थित बालाजी ग्लोबल एकेडमी पर अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने आए ‘मुन्नाभाई’ को बिछवां पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ पर उसने अपना नाम महेंद्र सिंह निवासी उत्तर नगर सैलई, सती रोड, थाना रामगढ़, फिरोजाबाद हाल निवासी इटाव रोड, बेवर बताया। पूछताछ में महेंद्र ने सॉल्वर गैंग के सदस्यों के नाम भी बताए।
पूछताछ में उसने बताया कि वह इटावा रोड बेवर निवासी राहुल वर्मा के स्थान पर परीक्षा देने आया था। थाना कुरावली के गांव अशोकपुर निवासी अक्षय, जो वर्तमान में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वंशीगोहरा में रहता है और ब्रजेश सोलंकी निवासी सैलई आंबेडकर पार्क थाना रामगढ़ फिरोजाबाद ने उसे राहुल से मिलवाया था। राहुल की जगह परीक्षा देने के लिए उसे 50 हजार रुपये में बात तय हुई थी। पुलिस ने बिचौलिया अक्षय और अभ्यर्थी राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी ने अपना जुर्म कुबूल किया है। पुलिस ब्रजेश सोलंकी की तलाश कर रही है। वहीं गैंग के सदस्यों के बारे में पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं।