41 केंद्र अति संवेदनशील
नगर निगम में 296 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 41 मतदान केंद्र अति संवेदनशील और 23 केंद्र संवेदनशील हैं। इनके अलावा सात मतदान केंद्र ऐसे हैं जिन्हें अतिसंवेदनशील प्लस सूची में रखा गया है। यह सब ऐसे केंद्र हैं जहां पिछले चुनाव के दौरान हिंसा, मतदान से वंचित करने व अन्य शिकायतें प्राप्त हुई थीं। 296 केंद्रों में कुल 1110 मतदेय स्थल हैं। नगर निगम के 100 वार्डों को 51 सेक्टर और 17 जोन में बांटा गया है, जिनके लिए 43 सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित हैं।
सात नवंबर से दर्ज होंगी आपत्तियां व दावे
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एडीएम वित्त यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम, सात नगर पंचायतों व पांच नगर पालिकाओं की अनन्तिम मतदाता सूचियां सोमवार को प्रकाशित हो गईं, जिन्हें नगर निगम, नगर पंचायत एवं नगर पालिका कार्यालयों पर चस्पा किया गया है।
इनके अलावा कार्यालय आरओ, एआरओ एवं कलक्ट्रेट में मतदाता सूचियों को देखा जा सकता है। 1 से 7 नवंबर तक मतदाता सूचियों पर आपत्ति व दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। इनके अलावा 1 से 4 नवंबर तक राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर भी मतदाता ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।