आगरा में नगर निगम की ओर से अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी है। निगम की टीम ने ऑफिसर्स कॉलोनी में अवैध निर्माण ढहाया। इसके साथ ही दयालबाग में लाल निशान लगाकर अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी दी।
आगरा में सड़क पर लोहे की सीढि़यां बनाकर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण को नगर निगम ने सोमवार को ध्वस्त करा दिया। ऑफिसर्स कॉलोनी में निगम ने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। अवैध निर्माण के कारण सड़क संकरी होने से वाहन निकलने में परेशानी होती थी।
विज्ञापन
सिकंदरा के होली होली पब्लिक स्कूल के पास ऑफिसर्स कॉलोनी में फुटपाथ पर बनाए गए पक्के चबूतरे, गार्डन के लिए बनाई गई पक्की फेंसिंग और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। यहां बुलडोजर चलता देख काॅलोनी के लोगों ने खुद ही अपना सामान हटवाना शुरू कर दिया। कुछ मकान मालिकों ने अवैध निर्माण हटाने पर आपत्ति की, लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी। निगम अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पहले ही पर्याप्त समय दिया जा चुका था।
टीम ने इसके बाद दयालबाग स्थित कृष्णा कॉलोनी में अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगा दिए और खुद ही अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। अभियान में अवर अभियंता मुकेश कुमार के साथ प्रवर्तन टीम के सदस्य रहे। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि जिन लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया है, वह खुद हटवा लें। तय समय के बाद निगम उसे ध्वस्त करा देगा।