आगरा में नगर निगम ने गृहकर बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई की है। संजय प्लेस स्थित जूता और कपड़ा मार्केट में नाै दुकानों पर सील लगा दी। कई बार नोटिस देने के बाद भी बकाया जमा नहीं कराया गया था।
आगरा नगर निगम प्रशासन ने गृहकर बकायेदारों पर सख्ती करते हुए संजय प्लेस स्थित जूता और कपड़ा मार्केट में बड़ी कार्रवाई की। राजस्व टीम ने अभियान चलाकर नौ कारोबारियों की दुकानों को सील कर दिया। सहायक नगर आयुक्त और कर निर्धारण अधिकारी श्रद्धा पांडेय ने बताया कि दुकानों पर कुल 10.26 लाख रुपये का गृहकर बकाया चल रहा था। कई बार नोटिस देने और कुर्की वारंट जारी किए जाने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं कराई गई। इसके बाद ये कार्रवाई हुई।
विज्ञापन
कार्रवाई जोनल अधिकारी हरीपर्वत और कर निर्धारण अधिकारी अक्षय कुमार के नेतृत्व में की गई। सील की गई दुकानों में प्रमुख रूप से सीताराम, जेके मार्केटिंग, राम गोपाल, जवाहरलाल, सुंदर दास, रिवोल्यूशन क्लासेज, मैक्सम शू फैक्टरी, राजीव कटरा और मनमोहन भसीन के प्रतिष्ठान शामिल हैं। इनमें मनमोहन भसीन पर सर्वाधिक 1.08 लाख रुपये का गृहकर बकाया है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि वार्षिक राजस्व लक्ष्य पूरा करना निगम की प्राथमिकता है। बार-बार नोटिस देने के बावजूद गृहकर जमा न करने वालों के खिलाफ सीलिंग, कुर्की और बैंक खाते सीज करने जैसी कार्रवाई जारी रहेगी।