नव वर्ष पर श्रीबांकेबिहारी की नगरी वृंदावन में हजारों की तादाद में श्रद्धालु दर्शन को आएंगे। इसे लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। तीर्थनगरी में स्वच्छता को लेकर 250 सफाई कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है। शनिवार को महापौर ने नगर में निरीक्षण किया।
नए साल का जश्न मानने के लिए तीर्थनगरी वृंदावन में भक्तों की भीड़ जुटने लगी है। ऐसे में वृंदावन की छवि देश-विदेश से आ रहे लोगों की नजर में स्वच्छ नगर की बने, इसके लिए नगर निगम ने काम करना शुरू कर दिया है। इस कार्य के लिए नगर निगम निजी कंपनी की मदद ले रहा है।
वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों को खास दिशा-निर्देश दिए गए हैं। एक सप्ताह स्वच्छता अभियान के तहत काम करने की रणनीति बनाई गई है। शनिवार को नगर निगम की इसी व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए महापौर डॉ. मुकेश आर्य वृंदावन पहुंचे।
उन्होंने अपर नगर आयुक्त सतेंद्र तिवारी के साथ वार्ड 69 और 70 की गलियों को देखा। बांकेबिहारी कॉलोनी, दुसायत मोहल्ला, मुख्य मार्ग, परशुराम मार्ग, विद्यापीठ चौराहे का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष सिंह, जेई निर्माण अरुण कुमार, जेई जलकल कुंवरपाल, टेक्स प्रभारी श्रीगोपाल वशिष्ठ आदि साथ रहे।
घटिया निर्माण पर नाराज हुए महापौर
हरिनिकुंज तिराहा के आसपास बन रही 260 मीटर लंबी डामर रोड की गुणवत्ता को लेकर महापौर ने नाराजगी जताई है। इसके लिए ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश जेई निर्माण अरुण कुमार को दिए हैं। महापौर ने बताया कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।