कुबेरपुर लैंडफिल साइट का निरीक्षण करते नगर आयुक्त निखिल टीकाराम
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के नवागत नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे सोमवार की सुबह नरायच स्थित कान्हा गोशाला देखने पहुंचे, जहां उन्हें सुबह हुई बारिश के बाद कई जगह परिसर में जलभराव देखने को मिला। नगर आयुक्त ने जलभराव खत्म करने और गोशाला परिसर में एंटी लार्वा का छिड़काव करने के निर्देश दिए।
अपर नगर आयुक्त कुंवर बहादुर सिंह के साथ वह कुबेरपुर स्थित सॉलिड वेस्ट लैंडफिल साइट पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने गीले कचरे से खाद बनाने के प्लांट को देखा और सूखे कचरे से मैटेरियल रिकवरी प्रोसेस को जाना। लैंडफिल साइट पर आठ लाख मीट्रिक टन पुराने कूड़े के पहाड़ों को किस तरह से खत्म किया जा रहा है, इसका वीडियो प्रेजेंटेशन नगर निगम के अधिकारियों ने दिया।
नगर आयुक्त को बताया गया कि अब तक पांच लाख मीट्रिक टन कूड़े के पहाड़ खत्म हो चुके हैं और बाकी कचरे को भी निस्तारित किया जा रहा है और पार्क बनाने का काम शुरू किया जा चुका है। इस साल नवंबर-दिसंबर तक पुराना कचरा खत्म हो जाएगा और लैंडफिल साइट पर हरियाली विकसित कर दी जाएगी। इसके बाद उन्होंने 300 मीट्रिक टन खाद बनाने के प्लांट को भी देखा।