गंजडुंडवारा। मंगलवार को नगला खंदारी में तीन बालक गंगा में डूब गए। इनके शव देर शाम तक मिल गए। तीनों का दाह संस्कार करा दिया गया। एक ही गांव में तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में गम का माहौल है। दो बच्चों का अंतिम संस्कार मंगलवार की रात्रि हो गया, जबकि एक का अंतिम संस्कार सुबह हुआ। जनप्रतिनिधि और ग्रामीण परिजन को सांत्वना देने के लिए पहुंचे। मंगलवार को नगला खंदारी गंगा स्नान करते समय गांव के आशीष (10) पुत्र राजपाल, रोहित (11) पुत्र रामपाल, सुभाष (11) पुत्र श्याम सिंह गंगा में डूब गए। देर शाम तक सभी के शव मिल गए। जिनमें आशीष और सुभाष का अंतिम संस्कार मंगलवार की रात्रि में परिजन ने कर दिया। जबकि रोहित के पिता रामपाल दिल्ली भतीजे के ऑपरेशन कराने के लिए गए हुए थे। सुबह उनके गांव आने पर रोहित का अंतिम संस्कार किया गया। तीनों के बच्चों की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा है। गांव में गम का माहौल है।
गमगीन परिजन को सांत्वना देने के लिए बुधवार को ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पहुंचे। भाजपा सांसद राजवीर सिंह, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, भाजपा नेता नीरज मिश्रा, मनजीत सिंह आदि ने गमगीन परिजनों को सांत्वना दी।
नहीं मिल सकेगी आर्थिक मदद, नहीं कराया पोस्टमार्टम
नगला खंदारी में गंगा में डूबकर आशीष (10) पुत्र राजपाल, रोहित (11) पुत्र रामपाल, सुभाष (11) पुत्र श्याम सिंह की मौत हो गई। तीनों ही बालकों के परिजनों ने बच्चों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम आदि की कार्रवाई नहीं कराने के कारण आर्थिक मदद नहीं मिल सकेगी।